अखरोट से बाजरा तक, ब्लड शुगर को प्राकृतिक तरीके से नियंत्रित करेंगे ये सुपरफूड्स

नई दिल्ली: डायबिटीज़ एक गंभीर समस्या है। अगर इसे नियंत्रित न किया जाए, तो यह दिल, किडनी, आंखों और शरीर के हर हिस्से को नुकसान पहुँचा सकती है। दवाइयों के साथ-साथ ब्लड शुगर को प्राकृतिक तरीकों से नियंत्रित करना भी जरूरी हो गया है।
भारत सरकार का आयुष मंत्रालय कुछ रोज़मर्रा के सुपरफूड्स की सिफारिश करता है, जो फाइबर, प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर हैं। ये खाद्य पदार्थ न केवल ब्लड शुगर को संतुलित रखते हैं, बल्कि ऊर्जा बनाए रखते हैं और अनियंत्रित भूख को भी कम करते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार इन सुपरफूड्स को नियमित रूप से खाने से डायबिटीज़ के मरीजों को लाभ हो सकता है। इनमें मेथी दाना, दालचीनी, जौ, बाजरा, ओट्स, और पालक, मेथी, सरसों का साग तथा दालें शामिल हैं। इन्हें रोज़मर्रा की थाली में शामिल करने से दवाओं की मात्रा भी कम हो सकती है। साथ ही नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद से सेहत बेहतर रहती है।
मेथी दाना सबसे प्रभावी घरेलू उपाय माना जाता है। रातभर भिगोकर सुबह खाली पेट 1–2 चम्मच खाने से शुगर नियंत्रित रहती है। दालचीनी (½ चम्मच) दूध, दही या पानी में मिलाकर रोज़ाना लेने से इंसुलिन संवेदनशीलता बढ़ती है। जौ, बाजरा और ओट्स जैसे अनाज सफेद चावल और मैदे की जगह बेहतर विकल्प हैं, क्योंकि इनमें फाइबर अधिक होता है और शुगर धीरे-धीरे अवशोषित होती है।
पालक, मेथी और सरसों का साग विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होता है। नियमित सेवन से ब्लड शुगर नियंत्रित रहता है और शरीर डिटॉक्स भी होता है। अखरोट या बादाम रोज़ाना खाने से हेल्दी फैट मिलता है, इंसुलिन रेजिस्टेंस कम होता है और दिल को भी फायदा होता है।
मूंग, चना, मसूर, उड़द जैसी दालें प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होती हैं, पेट लंबे समय तक भरा रहता है और शुगर अचानक नहीं बढ़ती। इन सुपरफूड्स और स्वस्थ जीवनशैली के संयोजन से डायबिटीज़ को प्राकृतिक और प्रभावी तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है। (With inputs from IANS)


